भागने के प्रयास में स्कॉर्पियो पीछे बढ़ी, जिससे एक महिला का ई-ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन ने ऑटो को कुछ दूरी तक घसीटा
घटना के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने स्कॉर्पियो को चारों ओर से घेर लिया।
जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी
क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
कानपुर, 26 अक्टूबर। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के जूही कलां स्थित उस्मानपुर कच्ची बस्ती में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बर्रा क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर अजय ठाकुर को स्थानीय लोगों ने घेर लिया। आरोप है कि अजय ठाकुर अपने कई साथियों के साथ एक युवक का पीछा करते हुए बस्ती में पहुंचा था। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोशित भीड़ ने उसकी काली स्कॉर्पियो कार में तोड़फोड़ कर दी और उसकी पिटाई कर दी।
अजय ठाकुर और उसके साथी जिस युवक का पीछा कर रहे थे, उसे जबरन वाहन में बैठाकर मारपीट करने का प्रयास कर रहे थे। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। भीड़ को देखकर वाहन सवार वहां से निकलने की कोशिश करने लगे।
भागने के प्रयास में स्कॉर्पियो तेजी से पीछे की ओर बढ़ी, जिससे एक महिला का ई-ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन ने ऑटो को कुछ दूरी तक घसीटा भी। इस घटना के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने स्कॉर्पियो को चारों ओर से घेर लिया।
आरोप है कि स्थिति बिगड़ने पर वाहन सवारों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी की। हालांकि पुलिस इस आरोप की जांच कर रही है। भीड़ ने वाहन में तोड़फोड़ करने के साथ अजय ठाकुर और उसके साथियों की पिटाई कर दी।
अजय ठाकुर समेत उसके साथी शेरा उर्फ साहिल और आयुष घायल हो गए। वहीं ऑटो चालक को भी चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, उनका इलाज जारी है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया और भीड़ को शांत कराया। पुलिस को ई-ऑटो स्वामिनी की ओर से तहरीर प्राप्त हो चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फायरिंग के आरोपों के साथ-साथ वाहन पर लगे कथित विधायक स्टीकर और राजनीतिक झंडे के उपयोग की भी जांच की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
x




0 تعليقات